सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राजकीय डिग्री महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
शिवहर। भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को राजकीय डिग्री महाविद्यालय, शिवहर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का आयोजन महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के निर्देश के आलोक में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का समन्वयन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार राम ने किया। कार्यक्रम में संचालनकर्ता के रूप में डॉ. भूषण कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन के रूप में श्री संजीव कुमार मंडल ने अपने विचार व्यक्त किए।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व के बल पर देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज उनके आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि विज्ञान, शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार राम ने छात्र-छात्राओं को सरदार पटेल के प्रेरणादायी जीवन से सीख लेते हुए राष्ट्रीय सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
News